
रायपुर। मुख्यमंत्री ने आज गणतंत्र दिवस के मौके पर बिलासपुर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता के नाम संबोधन में पुलिस पदक की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नक्सलमुक्त बस्तर का संकल्प दोहराते हुए कहा कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ की जमीं से नक्सलियों का सफाया हो जायेगा। इस दौरान बस्तर के विकास और बदलाव को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सकारात्मक रूख का संकेत दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास में कानून व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के जवानों की तारीफ करते हुए कहा, कि इसमें छत्तीसगढ़ के जवानों का महत्वपूर्ण योगदान है। इन्होंने सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस का भी परिचय दिया है। इस दौरान अनेक जवानों ने अपनी शहादत दी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है, इस उत्कृष्ट कार्य के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस बल में तैनात सभी जवानों को सम्मान स्वरूप राज्य स्थापना दिवस के मौके पर 25वीं वर्षगांठ का पुलिस पदक दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में हम नालन्दा परिसर की तर्ज पर 34 निकायों में लाइब्रेरी बना रहे हैं। युवाओं के स्किल ट्रेनिंग और नए जमाने के कोर्स की सुविधा दी जाएगी। वहीं 160 आईटीआई को हमने मॉडल आईटीआई के तौर पर डेवलप किया गया है, जबकि नई स्टार्टअप नीति के जरिए 50 हजार छात्रों को स्टार्टअप से जोड़ने का लक्ष्य भी है। उन्होंने कहा कि हमारी युवा आबादी हमारे लिए बड़ी संभावना है। हम राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं को प्रदेश में ला रहे है। नवा रायपुर को एडूसिटी के रूप में विकसित कर रहे है। रायपुर के नालंदा परिसर की तर्ज पर 34 नगरीय निकायों में अत्याधुनिक लाइब्रेरी बना रहे है। 160 ITI को हम 484 करोड़ की लागत से मॉडल ITI के रूप में उन्नयन कर रहे है।



