छत्तीसगढ़बिलासपुर

राइस मिल से 16 करोड़ का धान जब्त, मिल सील, संचालक पर FIR

बिलासपुर, जिले में धान उठाव में गड़बड़ी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अमरनाथ एग्रो प्रोडक्ट राइस मिल पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच में भारी अनियमितता सामने आने के बाद मिल को सील कर दिया गया है और संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

एसडीएम मनीष साहू के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मौके से 54 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 16 करोड़ रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में की गई।

जांच में क्या निकला सामने?

रिकॉर्ड के मुताबिक, राइस मिल को कस्टम मिलिंग के लिए 58,600 क्विंटल धान का उठाव दिया गया था, लेकिन भौतिक सत्यापन में केवल 54,082.8 क्विंटल धान ही मौजूद मिला।करीब 4,577.2 क्विंटल धान गायब पाया गया, जिससे धान की हेराफेरी की पुष्टि हुई।

दो दिन चली गहन जांच

16 और 17 जनवरी को दो दिनों तक चली जांच में SDM मनीष साहू, तहसीलदार प्रकाश साहू, खाद्य निरीक्षक मंगेश कांत और ललिता शर्मा की टीम ने रिकॉर्ड और भंडारण का मिलान किया। अनियमितता सामने आते ही तत्काल मिल सील कर दी गई।

पहले भी पकड़ी गई थी गड़बड़ी

इससे पहले 16 जनवरी को दो अन्य राइस मिलों में भी धान उठाव में गड़बड़ी सामने आई थी।

  • कुल 6,042 क्विंटल धान गायब मिला
  • कीमत करीब 89.62 लाख रुपए
  • 46,257 क्विंटल धान जब्त, जिसकी कीमत 14.33 करोड़ रुपए आंकी गई

अब तक 56 करोड़ से ज्यादा का धान जब्त

खाद्य नियंत्रक के अनुसार, जिले में अब तक 56 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का धान जब्त किया जा चुका है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी और मिलिंग में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह मामला छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश 2016 के उल्लंघन का है, जिसके तहत आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button