
लोकतंत्र की सौदेबाजी कर भाजपा में शामिल हुए 7 राज्यसभा सांसद; नैतिकता बची हो तो तुरंत इस्तीफा दें – परमानंद जांगड़े
रायपुर। आम आदमी पार्टी (आप) एस.सी. विंग छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जांगड़े ने भाजपा में शामिल हुए 7 राज्यसभा सांसदों—राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल एवं राजेंदर गुप्ता—द्वारा आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा जॉइन करने पर तीखा और सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह केवल दल-बदल नहीं, बल्कि लोकतंत्र की खुली नीलामी और जनता के विश्वास की बेशर्म सौदेबाजी है।
जांगड़े ने कहा कि जिन लोगों को आम आदमी पार्टी ने जमीन से उठाकर संसद तक पहुंचाया, जिन पर जनता ने भरोसा किया, वही आज सत्ता के लालच में अपने सिद्धांत, विचारधारा और आत्मसम्मान को गिरवी रखकर भाजपा की शरण में चले गए। यह अवसरवादिता नहीं, बल्कि राजनीतिक चरित्र का दिवालियापन है।
आम आदमी पार्टी ट्रांसपोर्ट विंग के प्रदेश अध्यक्ष पलविंदर सिंह पन्नू ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कदम साफ दर्शाता है कि कुछ लोग जनसेवा के लिए नहीं, बल्कि केवल सत्ता और सुविधा के लिए राजनीति में आते हैं। ऐसे लोगों का जाना पार्टी के लिए नुकसान नहीं, बल्कि बोझ उतरने जैसा है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी नेता और कार्यकर्ता को किसी भी दल में जाने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन जिस पार्टी से पद प्राप्त हुआ हो, उसे छोड़ते समय नैतिकता के आधार पर उस पद से भी इस्तीफा देना चाहिए।
कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय झा ने दो टूक कहा कि अगर इन सांसदों में जरा भी नैतिकता और आत्मसम्मान बाकी है, तो वे तुरंत राज्यसभा से इस्तीफा दें। यह पद उन्हें आम आदमी पार्टी ने दिया था, न कि उनकी निजी संपत्ति है। कुर्सी बचाकर विचार बदलना लोकतंत्र के साथ सबसे बड़ा छल है।
जांगड़े ने आगे कहा कि इन अवसरवादी नेताओं के जाने से आम आदमी पार्टी कमजोर नहीं, बल्कि और अधिक मजबूत, स्पष्ट और सिद्धांतवादी बनकर उभरी है। संगठन से ऐसे स्वार्थी और भटके हुए तत्वों का बाहर होना एक तरह से शुद्धिकरण है, जिससे पार्टी की वैचारिक ताकत और बढ़ी है।
उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अब यह पार्टी जनता के समर्थन से नहीं, बल्कि डर, दबाव, धनबल और तोड़फोड़ की राजनीति के जरिए अपनी जमीन बचाने में लगी है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे की घंटी है।
उन्होंने कहा कि जो लोग संघर्ष के समय भाग जाते हैं, वे इतिहास में कभी सम्मान नहीं पाते। जनता सब देख रही है—कौन बिक रहा है और कौन टिक रहा है। आने वाला समय ऐसे अवसरवादियों को करारा जवाब देगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष, पसीने और करोड़ों लोगों के विश्वास पर खड़ी है, और यही ताकत उसे लगातार आगे बढ़ा रही है।
छत्तीसगढ़ में पार्टी तेजी से विस्तार कर रही है और जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त होकर बदलाव का मन बना चुकी है।



