छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ का यह जिला शीतलहर की चपेट में, तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे, प्रशासन अलर्ट

सरगुजा। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सरगुजा जिला शीतलहर की चपेट में है आलम यह है कि तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे दर्ज किया जा रहा है। वही शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क। खुले आसमान के नीचे रह रहे लोगों को आश्रय स्थल पर ले जाने का निर्देश जिले के कलेक्टर संजीव कुमार झा ने राजस्व अमले को दिया है साथ ही अलाव एवं गर्म कपड़े की भी व्यवस्था असहाय लोगों के लिए की जा रही है।

सरगुजा जिले में इन दिनों शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। कड़ाके की ठंड पड़ने की वजह से लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में बर्फ की चादर भी बिछ रही है। मौसम विभाग की मानें तो जिले का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम दर्ज किया जा रहा है। इधर ठंड हवा चलने की वजह से तापमान में और भी गिरावट देखने को मिल रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि 30 जनवरी तक जिले के हालात ऐसे ही बने रहेंगे। वही उत्तर भारत में 2 फरवरी से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

इधर शीतलहर की स्थिति को देखते हुए प्रशासन के द्वारा शहरी क्षेत्रों के अलावा मैनपाट इलाके में अलाव की व्यवस्था की गई है। साथ ही जरूरतमंदों को गर्म कपड़े और कंबल का वितरण प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। यही नहीं खुले आसमान के नीचे रह रहे लोगों को आश्रय स्थल पर रखने के निर्देश जिले के कलेक्टर संजीव कुमार झा ने राजस्व अमले को दिया है। ताकि असहाय लोगों को इस कड़ाके की ठंड में छत नसीब हो सके। गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों की तुलना में इस वर्ष कड़ाके की ठंड सरगुजा संभाग में पढ़ रही है। ऐसे में प्रशासनिक अमला भी काफी सतर्क नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button