
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान के दौरान कई स्थानों पर हंगामे की खबरें सामने आई हैं। रायगढ़, कोरबा और दुर्ग में चुनावी माहौल गर्मा गया, जहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़पें हुईं।
रायगढ़: भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव
रायगढ़ नगर निगम के वार्ड नंबर 19 में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं को पैसे बांट रहे हैं, जिसके चलते तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले को बढ़ता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को संभाला। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता पोलिंग बूथ के अंदर प्रवेश कर गए थे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं को बूथ से बाहर कर दिया।
कोरबा: नोडल अधिकारी से भिड़े भाजपा प्रत्याशी
कोरबा नगर निगम में भी मतदान के दौरान हंगामा हुआ। भाजपा प्रत्याशी और नोडल अधिकारी के बीच मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर बहस छिड़ गई। वार्ड नंबर 19 और 20 में कई मतदाताओं के नाम दोनों जगह दर्ज होने की वजह से विवाद की स्थिति बन गई। पुराने मतदाता सूची के अनुसार वोटिंग की जा रही थी, जिससे भाजपा प्रत्याशी नाराज हो गए और नोडल अधिकारी से तीखी नोकझोंक हो गई।
दुर्ग: भाजपा कार्यकर्ताओं में आपसी विवाद
दुर्ग नगर निगम के वार्ड 53 में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच ही विवाद हो गया। मतदाता पर्ची वितरण के लिए लगाए गए पंडाल को भाजपा नेताओं ने हटवा दिया, जिससे कार्यकर्ता नाराज हो गए और आपस में भिड़ गए। वार्ड के ही भाजपा नेताओं के बीच इस मुद्दे को लेकर तनातनी हो गई।
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान हुए इन घटनाक्रमों ने मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया और चुनावी माहौल को गर्म कर दिया। हालांकि, प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।