
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हुए नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्णायक बढ़त बना ली है। इस बढ़त के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस जीत को भाजपा सरकार के कार्यों पर जनता के विश्वास का नतीजा बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने ट्वीट कर कहा, “प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर है।” उन्होंने इस जनादेश के लिए प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
भाजपा सरकार की नीतियों पर जनता का विश्वास
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने संगठन की कुशल रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत को इस सफलता का आधार बताया।
“भाजपा सरकार के कार्यों से जो जन विश्वास बढ़ा, वह अब जनादेश में बदलता दिख रहा है। हम और अधिक उत्साह के साथ जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे,” मुख्यमंत्री साय ने कहा। भाजपा की इस निर्णायक बढ़त को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिए अहम माना जा रहा है।
