
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से ठीक तीन दिन पहले नारायणपुर में हुई भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। NIA ने आज नारायणपुर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव शिवानंद नाग को रायपुर से गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने उन्हें जल्द ही जगदलपुर की NIA कोर्ट में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले इस हत्याकांड में NIA चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी इस संवेदनशील मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।
गौरतलब है कि 4 नवंबर 2023 को नारायणपुर जिले के कौशलनार गांव में साप्ताहिक बाजार के दौरान चुनाव प्रचार कर रहे भाजपा नेता रतन दुबे की नक्सलियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी थी। इस हमले का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को बाधित करना और क्षेत्र में दहशत फैलाना था।
प्रारंभिक जांच में माओवादियों की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद 23 फरवरी 2024 को NIA ने मामले की जांच अपने हाथ में ली। 5 जून 2024 को धन सिंह कोर्राम के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर की गई थी। इसके बाद 20 दिसंबर 2024 को प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) के तीन सदस्यों — सैनूराम कोर्राम, लालूराम कोर्राम और एक सशस्त्र माओवादी कैडर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई।
अब कांग्रेस नेता शिवानंद नाग की गिरफ्तारी से इस हत्याकांड में राजनीतिक साजिश की आशंका और भी गहराती नजर आ रही है। NIA की अगली कार्रवाई पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।