
- बुजुर्ग महिला की हत्या आरोपी पड़ोसी हिरासत में
- मामूली विवाद में डंडे से पीटा और गिरी तो पत्थर से कुचल दिया सि
खरोरा। राजधानी से चालीस किमी दूर स्थित खरोरा के वार्ड नंबर 13 में एक बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। दोपहर में 60 वर्षीय पद्मा यादव पति स्व. अलख यादव का रक्तरंजित शव उसी के घर के सामने दरवाजे पर पड़ा देखा गया। महिला को पहले डंडे से पीटा गया और जब वह गिरी तब उसका सिर बोल्डर पत्थर से कुचल दिया गया। पुलिस ने पड़ोस में ही रहने वाले 28 वर्षीय वाहन चालक राजू यादव पिता नेतराम यादव को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है।
आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को पता चला कि मृतका ने संदेही आरोपी के दादा से जमीन खरीदकर उस पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान का निर्माण किया था। संदेही मकान बन जाने के बाद जमीन को लेकर वाद-विवाद कर रहा था। मृतका अकेली रहती थी। वार्ड नंबर 11 में रहने वाले उसके रिश्तेदारों ने पुलिस को हत्याकांड की सूचना दी। मृतका सुबह पानी भरने का काम करने निकल जाती थी। दोपहर में वह एक बजे घर लौटती थी। अनुमान है कि दोपहर में घर लौटने के बाद एक से तीन बजे के मध्य उसकी हत्या हुई। एक रिश्तेदार मोनू यादव ने शव को देखा। शव के पास ही टूटा डंडा और पत्थर बोल्डर पड़ा हुआ था। जब रिश्तेदारों ने पता किया तो जानकारी मिली कि कुछ लोगों ने पड़ोस में रहने वाले राजू यादव को भागते हुए देखा था।