
नरदहा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया माता पहुचानी पर्व
आरंग। ग्राम नरदहा में परंपरागत श्रद्धा और भक्ति के साथ माता पहुचानी पर्व मनाया गया। ग्रामवासियों ने गांव की कुलदेवी की पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-समृद्धि, उत्तम फसल, जनकल्याण और आपदाओं से रक्षा की कामना की।
इस पर्व के अवसर पर महिलाओं ने विशेष रूप से व्रत रखा और पारंपरिक विधि से पूजा कर देवी को अर्पण चढ़ाया। पूजा स्थल पर लोकगीत, नृत्य और भजन कीर्तन का आयोजन हुआ। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रमुख अनिल टंडन, उप प्रमुख मनहरण साहू, ग्राम सचिव सुनिलपुरी गोस्वामी सहित पंचायत प्रतिनिधिगण नीलकंठ साहू भागीरथी यादव उपसरपंच हेमलासाहू ने पूजा-अर्चना कर गांव की खुशहाली की प्रार्थना की। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया।
ग्राम के बुजुर्गों ने बताया कि यह पर्व वर्षों से गांव की परंपरा का हिस्सा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्राम देवी को प्रसन्न कर पूरे गांव के कल्याण की प्रार्थना करना है। पर्व के दौरान गांव में विशेष साफ-सफाई और सजावट की गई थी। बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।