
बिलासपुर गोलीकांड! कांग्रेस नेता समेत दो और लोग गिरफ्तार, वारदात से पहले मास्टरमाइंड के साथ की थी मीटिंग
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी में जनपद उपाध्यक्ष के ऑफिस में फायरिंग मामले को लेकर एक बड़ा एक्शन हुआ है। मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता अकबर खान और देवेश सुमन को गिरफ्तार किया है। वारदात के षड्यंत्र में दोनों की संलिप्तता पाई गई है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 7 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।
बता दें कि 28 अक्टूबर की देर शाम नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थी। इस फायरिंग के दौरान मौके पर मौजूद मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ और एक रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ के पैर पर 2 गोलियां लगीं थी। इस पूरे वारदात का मास्टरमांइड पार्टी से निष्कासित कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत है। पुरानी रंजिश के चलते उसने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में विश्वजीत सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब मामले की जांच के दौरान कांग्रेस नेता अकबर खान और देवेश सुमन की संलिप्तता पाई गई है, जिसके बाद अब दोनों को गिरफ्तार किया गया है।



