
CG Weather Update: मकर संक्रांति तक ठंड का कहर, कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। दिसंबर के बाद जनवरी भी ठिठुरन भरी रहने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक मकर संक्रांति से पहले तक सर्द रातों से खास राहत नहीं मिलेगी। उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है, लेकिन 24 से 48 घंटे बाद मिलने वाली राहत भी मामूली ही रहेगी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीतलहर चलने की आशंका जताई है। गुरुवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में शीतलहर का असर देखने को मिला। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
सिनोप्टिक सिस्टम का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में मौसम बदलने की वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जो उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में करीब 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं, उत्तर भारत के ऊपर लगभग 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। इन्हीं कारणों से छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी हुई है।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के एक-दो इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं 10 जनवरी को दुर्ग जिले में कोल्ड वेव का अलर्ट दिया गया है।
राजधानी में धुंध के आसार
प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान दुर्ग जिले में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 3.5 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। माना में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है।



