
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार होली पर शराब प्रेमियों को राहत मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार की नई आबकारी नीति के तहत होली के दिन भी शराब दुकानें खुली रहेंगी।
सरकार ने सात निर्धारित ड्राई डे में से तीन को समाप्त कर दिया है। जिन दिनों को सूची से हटाया गया है, उनमें मुहर्रम, महात्मा गांधी निर्वाण दिवस और होली शामिल हैं। यानी इस साल होली पर शराब खरीदने के लिए पहले से स्टॉक करने की जरूरत नहीं होगी।
पहले क्या होता था?
अब तक होली के दिन राज्य में शराब दुकानें बंद रहती थीं। कई बार लोग एक दिन पहले खरीदारी कर लेते थे। वहीं, पूर्व संध्या पर पुलिस की सख्ती भी देखने को मिलती थी, जहां सार्वजनिक स्थानों पर शराब ले जाते लोगों की जांच और जब्ती की कार्रवाई की जाती थी।
नई नीति का असर
नई आबकारी नीति के बाद इस बार होली के दिन भी दुकानें सामान्य रूप से संचालित होंगी। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जो त्योहार के दिन खरीदारी करना चाहते हैं।
सरकार के इस फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज है। एक ओर जहां इसे राजस्व बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है, वहीं कुछ वर्गों की ओर से इस पर आपत्ति भी जताई जा सकती है। फिलहाल साफ है कि इस साल होली पर ड्राई डे नहीं रहेगा और दुकानें खुली रहेंगी।



