
कवर्धा : जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिला सटोरियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पकड़ा गया। उनके पास से नगद रकम, सट्टा-पट्टी और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
अलग-अलग इलाकों में छापा
पहली कार्रवाई वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर नंदिनीन उर्फ नीलू गुप्ता को घर के सामने अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से सट्टा-पट्टी, नकदी और पेन बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई वार्ड क्रमांक 05 लोहाराना देवारपारा क्षेत्र में की गई, जहां पूजा बांधेकर को सट्टा गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ पृथक अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
व्हाट्सएप ग्रुप से चल रहा था सट्टा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर ‘खाईवाली’ के नाम से सट्टा नेटवर्क संचालित कर रही थीं। इनके माध्यम से सट्टा खेलने-खिलाने वाले अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अन्य संलिप्त लोगों पर भी जल्द कार्रवाई होगी।



