तांत्रिक ठगी का खेल: पैसा डबल करने का झांसा देकर 5 लाख ऐंठे, बाप-बेटे गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जादू-मंत्र से रकम कई गुना करने का लालच देकर लाखों रुपये ठगने वाले पिता-पुत्र को पलारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अलग-अलग लोगों से करीब 5 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल और 5 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में आरोपी उसके घर आए और तंत्र-मंत्र से पैसा बढ़ाने का दावा कर 3 लाख रुपये ले गए। बाद में रकम लौटाने से मुकर गए। इसी तरह ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार ने भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने 2 लाख रुपये डबल करने का झांसा देकर ठग लिए और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
दोनों मामलों में पुलिस ने धारा 420, 506 और 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने रायपुर जिले के धौराभाठा से दीनदयाल जांगड़े (66) और पुरुषोत्तम जांगड़े (35) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने ठगी करना कबूल किया।पुलिस ने बताया कि आरोपियों को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।


