छत्तीसगढ़बिलासपुर

न्यायधानी में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी: किचन केयर और किराना स्टोर पर छापा, 126 घरेलू सिलेंडर जब्त; गैस निकालने के उपकरण भी मिले

बिलासपुर। जिले में गैस सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैकमार्केटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर से लगे कोनी और सिरगिट्टी क्षेत्र में किचन केयर और एक किराना स्टोर पर छापेमारी कर 126 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जांच के दौरान सिलेंडर से गैस निकालने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। मामले में संबंधित संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

दरअसल, गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने दूसरे दिन भी शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। इससे पहले बुधवार को हुई कार्रवाई में 72 गैस सिलेंडर जब्त किए गए थे।

जिला प्रशासन और गैस वितरकों का कहना है कि जिले में गैस की कमी नहीं है, लेकिन जमीनी स्थिति कुछ अलग नजर आ रही है। एजेंसियों में पहुंचने वाले लोगों को ऑनलाइन बुकिंग कराने की सलाह दी जा रही है, जबकि उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस कंपनियों के टोल-फ्री नंबर पर कॉल नहीं लग रहा।

इसके चलते लोग गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं और एजेंसियों में लंबी कतारें लग रही हैं। गैस एजेंसियों से जुड़े लोगों का कहना है कि तकनीकी कारणों से सर्वर डाउन होने की वजह से ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी जनरेट नहीं हो पा रहा, जिससे यह समस्या सामने आ रही है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button