
बलोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक नैतिकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक सरकारी स्कूल में पदस्थ पीटीआई (शारीरिक शिक्षा) शिक्षक पर 22 वर्षीय युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने और उसे पैसे का लालच देकर संबंध बनाने का प्रस्ताव देने का आरोप लगा है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डौंडी स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ पीटीआई शिक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर पर यह आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने घर के पास से गुजर रही एक युवती को रोककर उससे अश्लील बातें कीं। इतना ही नहीं, आरोपी शिक्षक ने युवती को 500 रुपये का नोट देकर उसके साथ संबंध बनाने का प्रस्ताव भी रखा। इस हरकत से युवती भयभीत और आहत हो गई।
घटना के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए डौंडी थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1)(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी एकत्र किया जा रहा है। साथ ही, आरोपी शिक्षक के खिलाफ पहले किसी प्रकार की शिकायत या आपराधिक पृष्ठभूमि रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले का एक और गंभीर पहलू यह है कि आरोपी नरेंद्र सिंह ठाकुर पहले जिला खेल अधिकारी बालोद के पद पर भी कार्य कर चुका है। ऐसे में एक जिम्मेदार पद पर रह चुके व्यक्ति पर इस तरह के आरोप लगना समाज के लिए चिंता का विषय बन गया है।



