छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ में जनगणना की तैयारी तेज, 1 मई से घर-घर पहुंचेगा सर्वे दल, शुरू हुई मकानों की नंबरिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सर्वे की शुरुआत से पहले मकानों की पहचान के लिए नंबरिंग का काम तेजी से किया जा रहा है।

जनगणना का पहला चरण 1 मई 2026 से शुरू होगा, जिसमें मकानों की सूची तैयार करने और आवास से जुड़ी बुनियादी जानकारी एकत्र करने का काम किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से आवश्यक जानकारी जुटाएंगे।

राज्य के रायपुर, दुर्ग, रायगढ़ और बलरामपुर जैसे जिलों में सर्वे कार्य के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण लगभग पूरा हो चुका है। कई स्थानों पर मकानों पर नंबर लिखने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, ताकि सर्वे के दौरान किसी तरह की दिक्कत न आए।

दरअसल, फरवरी 2026 में राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के बाद जनगणना कार्य में तेजी आई है। प्रशासन अब इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने में जुटा हुआ है। इस अभियान के तहत अधिकारियों द्वारा हर घर तक पहुंचकर परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी। यह आंकड़े राज्य की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

इस बार जनगणना में करीब 33 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी, जिसमें मकान की स्थिति, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं, रसोई और ईंधन के उपयोग के साथ परिवार की संरचना और सामाजिक वर्ग शामिल हैं।

इसके अलावा डिजिटल युग को ध्यान में रखते हुए मोबाइल, इंटरनेट, स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की उपलब्धता को भी सर्वे में शामिल किया गया है, ताकि प्रदेश में डिजिटल पहुंच का सही आंकलन किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button