छत्तीसगढ़सरगुजा

अंबिकापुर- प्रतापपुर मार्ग पर भीषण, ट्रक और कार में जोरदार टक्कर, हादसे में पति-पत्नी और एसईसीएल कर्मी बेटे की मौत

अंबिकापुर। अंबिकापुर जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि एक अन्य युवक को गंभीर चोट आई है। बताया जा रहा है कि अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर ग्राम सकालो के समीप ये हादसा घटित हुआ। जहां तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सामने से आ रही कार को चपेट में लेकर टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में जहां कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कार में सवार दंपती व उसके बेटे की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने रेस्क्यू आपरेशन चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक राजपुर क्षेत्र के ग्राम चौरा निवासी 22 वर्षीय राहुल उरांव और सोनू केरकेट्टा एसईसीएल कुसमुंडा में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि एसईसीएल के खदान विस्तार में गांव की जमीन अधिग्रहण के बदले इन्हें नौकरी मिली है। दोनों युवक कुसमुंडा में एक साथ ही रहते थे। एक सप्ताह पहले राहुल के पिता कईला राम उरांव अपनी पत्नी मानमती के साथ बेटे से मिलने कुसमुंडा आये थे। बेटे के साथ रहने के बाद दोनों ने घर जाने की इच्छा जताई थी। रविवार देर रात राहुल अपने माता-पिता को घर छोड़ने अपने साथी सोनू केरकेट्टा की कार से कुसमुंडा से रवाना हुआ था। सोमवार की तड़के कार सवार लोग अंबिकापुर शहर पार कर अपने गंतव्य की तरफ बढ़ रहे थे।

तभी सकालो और कल्याणपुर के बीच जंगल में सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त था कि सामने के दोनों एयर बैग फट गए थे। राहुल का शव क्षतिग्रस्त कार में ही फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए दूसरे वाहन से टोचन कर कार का दरवाजा तोड़ा गया। क्षतिग्रस्त कार और ट्रक के बीच सड़क पर होने के कारण आवागमन भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को सड़क से किनारे कर मार्ग में आवागमन बहाल किया गया।

उधर इस भीषण हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली, गांधीनगर थाना समेत डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे सभी लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालने के बाद अस्पताल भिजवाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने कईला उरांव, पत्नी मानमती और पुत्र राहुल को मृत घोषित कर दिया। जबकि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल सोनू केरकेट्टा का उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक का चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने इस घटना पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button