
रायपुर। अप्रैल की शुरुआत से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. यहां आने वाले कुछ दिन मौसम में फिर काफी उतार-चढ़ाव वाले रहने वाले हैं. एक तरफ जहां प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के कुछ शहरों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों के लिए खास चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक मौसम की हलचल की बनी रहेगी. इस दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बादल गरजने, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. खराब मौसम को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी है.
फिलहाल अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलती रहेगी. हालांकि, इसके बाद मौसम करवट लेगा और पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चढ़ सकता है. तापमान बढ़ने से एक बार फिर प्रदेशवासियों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ नजर आया. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान जैसी स्थिति बनी रही. गनीमत यह रही कि इस दौरान अधिकतम तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई है. इस बदलाव से दिन के समय उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली.
प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. आंकड़ों की बात करें तो अमलीपदर में 3 सेंटीमीटर, जबकि दोरनापाल, सुकमा और मुकडेगा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई. तापमान के मामले में राजनांदगांव 38.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं अंबिकापुर में सबसे कम 17.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
वहीं राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है. शहर में धूप खिलेगी और दिन का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. वहीं, रात के समय न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है
मौसम में आ रहे इस बदलाव की मुख्य वजह ओडिशा के पास बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन है. इसके साथ ही बंगाल से तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो नमी खींच रही है. इसी के चलते छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में कभी तेज धूप निकल रही है, तो कभी अचानक आंधी और बारिश का दौर शुरू हो जाता है.



