छत्तीसगढ़रायपुर

अंतर्राज्यीय महिला चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह की खास बात यह है कि इसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं, जो देश के अलग-अलग राज्यों में घूम-घूमकर सोने की चेन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लग्जरी वाहन—विशेष रूप से इनोवा—में सवार होकर विभिन्न शहरों में पहुंचता था और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अपना निशाना बनाता था। बाजार, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी लोगों के गले से सोने की चेन झपट लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने रायपुर शहर में ही करीब एक दर्जन से अधिक चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। शहर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी.नगर थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ मामले दर्ज हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इस गिरोह की तलाश शुरू की थी।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो सुनियोजित तरीके से इस अपराध को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 11 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की चोरी की गई सोने की चेन और अन्य सामान जब्त किया है। साथ ही यह भी खुलासा हुआ है कि चोरी की गई चेन को बेचकर जो रकम हासिल होती थी, उसी से आरोपियों ने इनोवा वाहन खरीदा था, जिसका उपयोग वे अपराध करने के लिए करते थे।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं और अलग-अलग राज्यों में जाकर वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत स्थान बदल लेते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। साथ ही अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button