आर्मी ट्रेन में बम ब्लास्ट: जाफर एक्सप्रेस पर आत्मघाती हमला, 26 जवानों की मौत, 70 से ज्यादा की हालत नाजुक

ब्रेकिंग: ट्रेन में बम ब्लास्ट हुआ है, ये हमला सुसाइडल बम ब्लास्ट के जरिये हुआ है। हमले में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कईयों की हालत अभी भी गंभीर है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा एक बार फिर भीषण आतंकी हमले से दहल उठी। चमन फाटक के पास जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह हमला उस समय हुआ जब जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट क्षेत्र से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन में बड़ी संख्या में सैन्य कर्मी सफर कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास जोरदार विस्फोट हुआ, जिसने ट्रेन के कई डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। वहीं इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और दो डिब्बे पलट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ धुएं का गुबार और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। धमाके का असर आसपास के इलाकों में भी महसूस किया गया। रेलवे ट्रैक के पास खड़ी करीब 10 गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि नजदीकी इमारतों की खिड़कियां और शीशे टूट गए।
घटना के तुरंत बाद पुलिस, सेना और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों का इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन ने बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के बाद इमरजेंसी घोषित कर दी है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायल गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्रारंभिक जांच में इस हमले को सुनियोजित साजिश माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के गुजरने के समय विस्फोट को अंजाम दिया गया, ताकि अधिकतम नुकसान पहुंचाया जा सके। रिपोर्ट्स के मुताबिक धमाके की वजह से पास से गुजर रही एक मालगाड़ी भी प्रभावित हुई और उसके कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए।
बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां घटना की हर एंगल से जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे सक्रिय आतंकी समूहों का हाथ हो सकता है।



