
- किसान परिवार के 6 लाख नगद और जेवरात की हुई डकैती पुलिस कर रही मामले की जांच
खरोरा। मिली जानकारी अनुसार रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र के केवराडीह गांव में डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। 6 नकाबपोश हथियारबंद डकैतों ने एक किसान के घर धावा बोलकर उन्हें बंधक बना लिया। फिर किसान परिवार को गोली मारने की धमकी देकर घर में रखे 6 लाख नगदी और जेवरात लूट कर ले गये। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना खरोरा थाना क्षेत्र के केवराडीह गांव की है। जहां हथियारबंद 6 डकैत किसान राधेलाल भारद्वाज के घर घुस आये और परिवार वालों को पिस्टल, धारदार हथियार दिखाकर उन्हें बंधक बना लिए। डकैतों ने परिवार के सभी सदस्यों के हाथ पैर बांधकर घर में रखी नगदी 6 लाख और सोने-चांदी के जेवरात लेकर मौके से भाग निकले।
डकैतों के जाते ही पीड़ित परिवार के लोगों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने फोन कर डकैती की सूचना पुलिस को दी। आज सुबह पुलिस की टीम और फाॅरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही नाकेबंदी कर डकैतों की तलाश कर रही है।
पुलिस को संदेह है कि डकैती की घटना में जान पहचान के लोग शामिल हो सकते है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है। घटना स्थल से लगे आसपास के सीसीटीवी फुटेजों को पुलिस खंगाल रही है। साथ ही जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात भी कर रही है।