
आरंग: मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयास से भंडारपुरी धाम के स्वास्थ्य केंद्र में विभिन्न पदों पर होगी भर्ती
आरंग। छत्तीसगढ़ शासन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रदेश के चुनिंदा ग्रामों में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से भंडारपुरी धाम (ग्राम भंडारपुरी, जिला रायपुर) ग्राम में भी स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी। भंडारपुरी धाम न केवल परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की पावन कर्मस्थली है बल्कि सतनामी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र भी है। यहां प्रत्येक वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं। साल में एक बार यहां विशेष गुरु दर्शन मेला का आयोजन होता है, जिसमें प्रदेश के कोने-कोने से तथा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती
अब यहां नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होगी जिसके लिए पहले ही 75 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी, अब विभिन्न स्टाफ पदों के लिए सरकार ने प्रशासकीय स्वीकृति दी है। चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा, सहायक फार्मासिस्ट ग्रेड-02, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सहायक ग्रेड-03, वार्ड ब्वॉय, आया पदो के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को मिलेगी स्वास्थ्य सेवाएं
इस स्वास्थ्य केंद्र में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह सौगात वर्तमान में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के सतत प्रयासों का परिणाम है। उनके मार्गदर्शन और पहल से यह प्रशासनिक स्वीकृति संभव हो सकी है।
क्षेत्रवासियों ने मंत्री गुरु खुशवंत का जताया आभार
इस अवसर पर गुरु सेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता ललित गायकवाड़ जी ने राजागुरु धर्मगुरु परम पूज्य गुरु बालदास साहेब जी को प्रणाम करते हुए, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी के प्रति समाज एवं स्थानीय ग्रामीणों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया साथ ही पूरे सतनामी समाज एवं क्षेत्रवासियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए गुरु साहेब जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।