
CG ब्रेकिंग: आज हाईकोर्ट सुनायेगा प्रमोशन पर फैसला: प्राचार्य बनने वाले शिक्षकों की फैसले पर टिकी निगाहें, जानिये कितने बजे आयेगा फैसला…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से चर्चा और विवाद का विषय बने प्राचार्य प्रमोशन मामले पर आज हाईकोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला आने वाला है। लगभग 90 दिनों की प्रतीक्षा के बाद यह निर्णय शिक्षकों, शिक्षाकर्मियों और शिक्षा विभाग के लिए दूरगामी प्रभाव वाला साबित हो सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि फैसला आने के साथ ही प्राचार्यों की पदस्थापना संबंधी प्रक्रिया भी आगे बढ़ जाएगी। वहीं 1478 प्राचार्यों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो जायेगा।
गौरतलब है कि प्राचार्य पदोन्नति विवाद से जुड़ी याचिका WPS 3937/2025 – नारायण प्रकाश तिवारी बनाम राज्य शासन की सुनवाई 5 अगस्त 2025 को बिलासपुर उच्च न्यायालय में पूरी हो गई थी। सुनवाई के बाद जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की एकलपीठ ने सभी पक्षों की दलीलें सुनकर 5 अगस्त 2025 को आदेश सुरक्षित रख लिया था, जो अब जारी होने वाला है। शाम करीब 4.15 बजे तक फैसला सार्वजनिक हो जायेगा।
इस मामले में शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता यशवंत सिंह ठाकुर ने पक्ष रखा था, जबकि याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता हमीदा सिद्दीकी ने तर्क प्रस्तुत किए थी। राज्य के हजारों शिक्षक लंबे समय से प्राचार्य पदोन्नति की प्रक्रिया के लंबित होने से प्रभावित हैं। कई शैक्षिक संस्थानों में नेतृत्व स्तर पर फैसलों में देरी का असर शैक्षणिक व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। ऐसे में हाईकोर्ट का फैसला न केवल शिक्षकों के करियर और पदोन्नति पर असर डालेगा बल्कि शिक्षा विभाग के प्रशासनिक ढांचे और प्रक्रिया में सुधार की दिशा भी तय कर सकता है।
छत्तीसगढ़ प्राचार्य पदोन्नति फोरम के अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने बताया कि पूरे प्रदेश के शिक्षक आज इस ऐतिहासिक फैसले की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायालय का निर्णय आने के बाद लंबित पदोन्नति आदेश जारी होंगे और प्राचार्यों की पदस्थापना का मार्ग भी प्रशस्त हो जाएगा।
उन्होंने कहा, “यह फैसला शिक्षा विभाग की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और पदोन्नति व्यवस्था को एक नई दिशा दे सकता है। हम सभी सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं।”
शिक्षा जगत में इस फैसले को लेकर सुबह से ही उत्सुकता का माहौल है। कई जिलों के शिक्षक हाईकोर्ट के अपडेट पर निगरानी बनाए हुए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी चर्चा तेज है और शिक्षकों के विभिन्न संगठन लगातार संपर्क में हैं।अगर हाईकोर्ट का फैसला पदोन्नति प्रक्रिया को हरी झंडी देता है, तो अगले कुछ दिनों में शिक्षा विभाग लम्बित प्रमोशन और पदस्थापना के आदेश जारी कर सकता है। यह फैसला हजारों शिक्षकों के करियर और शिक्षा व्यवस्था की मजबूती के लिए अहम मील का पत्थर साबित हो सकता है।



