बड़े पैमाने पर IAS अफसरों का तबादला, आधी रात जारी हुआ आदेश, खुद अफसरों को नहीं लगी भनक

भोपाल : मध्य प्रदेश में शुक्रवार-शनिवार की रात एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। यहां एक साथ कई IAS अधिकारियों के तबादले हुए हैं। अफसरों के तबादलों से राज्य के कई अहम विभागों-स्वास्थ्य, वन, जनसंपर्क, आबकारी, कृषि, बिजली वितरण और जिला पंचायत में बदलाव हुए हैं। अशोक वर्णवाल के हाथ में अब प्रदेश के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग का जिम्मा होगा। इस संबंध में मध्यप्रदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
मनीष सिंह को जनसंपर्क जिम्मा
जारी आदेश के अनुसार, 2009 बैच के मनीष सिंह को फिर एक बार जनसंपर्क आयुक्त बनाया गया है। मनीष सिंह जनसंपर्क आयुक्त रह चुके है। उनके पास पूर्व की तरह परिवहन विभाग और जेल विभाग का जिम्मा यथावत रहेगा। आबकारी नीति जारी होने के पहले ही आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल को शासन ने हटा दिया है और दीपक सक्सेना को आबकारी आयुक्त बना दिया गया। वे पहले जनसंपर्क विभाग का जिम्मा संभाल चुके हैं। वहीं लंबे समय से उक्त जिम्मेदारी देख रहे अभिजीत अग्रवाल को मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ भोपाल का प्रबंध संचालक बनाकर वापस बुला लिया है।







