फर्जी मैरिज ब्यूरो का पर्दाफाश! 37 लाख से अधिक की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। राजनांदगांव शहर में फर्जी मैरिज ब्यूरो के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग “लव लाइफ रिश्ते” नाम से मैरिज ब्यूरो संचालित कर युवकों को शादी के नाम पर झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे।
यह पूरा मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र के सृष्टि कॉलोनी का है, जहां से इस फर्जी नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद जब जांच शुरू की गई, तो चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। आरोपियों ने युवतियों की फर्जी प्रोफाइल तैयार कर उनकी तस्वीरें व्हाट्सएप के माध्यम से इच्छुक युवकों को भेजीं और फिर रजिस्ट्रेशन, पैकेज और तथाकथित “फैमिली मीटिंग” के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने अब तक कई युवकों को अपना शिकार बनाया है और कुल 37 लाख 69 हजार रुपये की ठगी की है। एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के मुताबिक, आरोपी हर युवक से 30 से 40 हजार रुपये तक वसूलते थे और भरोसा दिलाते थे कि जल्द ही उनकी शादी तय करवा दी जाएगी। हालांकि, पैसे लेने के बाद या तो संपर्क बंद कर देते थे या बहाने बनाकर टालते रहते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 7 एंड्रॉइड मोबाइल और 14 की-पैड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब इन मोबाइल फोन की जांच की गई, तो उनमें करीब 2286 युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड पाई गईं, जिनका इस्तेमाल फर्जी प्रोफाइल बनाने में किया जाता था। इसके अलावा 9 रजिस्टर और कॉपियां भी बरामद की गईं, जिनमें लेन-देन और ग्राहकों का विवरण दर्ज था।
इस मामले में पुलिस ने लेबर कॉलोनी निवासी नेहा पाठक और कबीरधाम जिले के ग्राम जंगलपुर निवासी धर्मेन्द्र मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। दोनों के बैंक खातों की पिछले एक साल की जांच में यह सामने आया कि उनके खातों में लाखों रुपये का लेन-देन हुआ है, जो इस ठगी के नेटवर्क की पुष्टि करता है।
पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस नेटवर्क के तार अन्य जिलों या राज्यों से तो नहीं जुड़े हैं। साथ ही, जिन युवकों से ठगी की गई है, उनसे भी संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



