CG के पीएमश्री स्कूल में वेतन में हिस्सा मांगने का खुलासा, हर महीने 12000 की कट, कलेक्टर से शिकायत….

एमसीबी। मनेंद्रगढ़ स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में कार्यरत सुरक्षा गार्डों ने विद्यालय प्रबंधन के कर्मचारियों पर आर्थिक और मानसिक शोषण का आरोप लगाया है। सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि हर महीने उनकी सैलरी से बड़ी रकम ली जाती है और विरोध करने पर नौकरी से निकालने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है। पीड़ित कर्मचारियों ने मामले की शिकायत कलेक्टर से कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि उनकी मेहनत की कमाई में से हर महीने बड़ी रकम जबरन ली जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी सैलरी से लगभग 12 हजार रुपये तक की राशि बाबू द्वारा वसूली जाती है। आरोप है कि यह रकम नकद और बैंक ट्रांजेक्शन दोनों माध्यमों से ली गई। कर्मचारियों ने बैंक लेनदेन को इस कथित वसूली का सबूत बताया है।
पीड़ित कर्मचारियों के अनुसार जब उन्होंने इस पूरे मामले का विरोध किया, तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, झूठे आरोपों में फंसाने और सेवा समाप्त करने का डर दिखाकर लगातार दबाव बनाया गया। कर्मचारियों का कहना है कि डर और मजबूरी के कारण वे लंबे समय तक चुप रहे, लेकिन अब हालात असहनीय हो गए हैं, इसलिए उन्होंने प्रशासन से शिकायत करने का फैसला लिया।
सुरक्षा कर्मियों ने केंद्रीय विद्यालय में पदस्थ बाबू चंदन कुमार गुप्ता और उपेंद्र त्रिपाठी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि दोनों पर आधी सैलरी लेने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों को लगातार अपमानित किया जाता था और यदि कोई सवाल उठाता था तो उसे नौकरी जाने का डर दिखाया जाता था।
मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार न हो।
फिलहाल इस मामले में विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं जिला प्रशासन ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराने की बात कही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।



