
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज अंधड़, गरज-चमक और झमाझम बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गए और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने रविवार शाम को भी मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। हालांकि सोमवार से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ होने के संकेत हैं। इससे पहले शनिवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में परेशानी भी बढ़ा दी। तेज अंधड़ के कारण जगह-जगह बड़े पेड़ सड़कों पर गिर पड़े, जिससे यातायात बाधित हो गया। कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। रविवार सुबह तक कई इलाकों में गिरे पेड़ों को हटाने का काम जारी रहा, जिसके चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव और कोरबा समेत कई शहरों में शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम बदलने से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि अचानक आए अंधड़ के कारण बिजली आपूर्ति भी कई क्षेत्रों में प्रभावित रही।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में रविवार शाम को एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में मौसम परिवर्तन के पीछे कई सक्रिय मौसमी सिस्टम जिम्मेदार हैं। पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसके चलते स्थानीय स्तर पर बादल बनने और बारिश की स्थिति बनी हुई है। साथ ही दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय मौसम तंत्र का असर भी छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश, अंधड़ और वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में नारायणपुर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया शामिल हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। आसमान साफ रहने के साथ तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। मई के अंतिम सप्ताह तक कई क्षेत्रों में लू चलने की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी का असर एक बार फिर तेज हो सकता है।



