
बिलासपुर। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई पहचान धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और फिर युवती के साथ धोखा हो गया। शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
मामले को लेकर सीएसपी गगन कुमार (आईपीएस) ने बताया कि 22 मई को एक युवती तोरवा थाना पहुंची और उसने लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से तखतपुर क्षेत्र के ग्राम जरेली निवासी निलेश कुमार जायसवाल (19) से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन धीरे-धीरे युवक ने युवती से लगातार संपर्क बढ़ाना शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को गंभीर और भरोसेमंद बताते हुए उससे प्रेम संबंध बना लिया। बातचीत और मुलाकातों के दौरान उसने युवती को शादी करने का भरोसा दिया। आरोपी की बातों पर भरोसा कर युवती उसके करीब आ गई। इसी दौरान युवक ने अपना जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर युवती को तोरवा क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया।
आरोप है कि होटल में आरोपी ने शादी का वादा करते हुए युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि उसे भरोसा था कि आरोपी उससे शादी करेगा, लेकिन बाद में उसे महसूस हुआ कि युवक ने केवल झूठे वादे कर उसका शोषण किया है। घटना के बाद युवती मानसिक रूप से काफी परेशान रही और अंततः उसने पुलिस से मदद लेने का फैसला किया।
शिकायत मिलने के बाद तोरवा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में पुलिस ने मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



