
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। आज सोमवार से नौतपे की भी शुरुआत हो गई है और इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर और तेज होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गर्मी और लू का असर और बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में आज भी भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। राजनांदगांव समेत कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग रायपुर केंद्र के मुताबिक राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं दुर्ग में 45 डिग्री और रायपुर के माना एयरपोर्ट में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में हीटवेव यानी ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 से 28 मई तक प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा। 25 और 26 मई को मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। वहीं 26 मई के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एडवायजरी जारी करते हुए लोगों से दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बेहद जरूरी काम न होने पर घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। डॉक्टरों ने ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।



