जांजगीर। छत्तीसगढ़ में पहली बार आय से अधिक मामले में एसीबी ने किसी शिक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की है। शिक्षाकर्मी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एसीबी ने एफआईआर दर्ज किया है। यह कार्रवाई जांजगीर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल क्रमांक 1 में कार्यरत सजंय कुमार शर्मा के खिलाफ की गई है।
एसीबी को लंबे समय से शिक्षक सजंय कुमार शर्मा के खिलाफ शिकायत मिल रही थी। मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई की। प्रारंभिक जाँच में जांजगीर में संजय शर्मा और उसकी पत्नी के नाम पर संपत्ति बैंक खातों आदि की जानकारी ली गई। आय से अधिक संपत्ति की पुष्टि होने पर एसीबी में भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 13 -1 बी व 13 – 2 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
1988 में सदर प्राथमिक शाला में संजय शर्मा की शिक्षाकर्मी के पद पर नियुक्ति हुई थी। अभी वे अंग्रेजी के व्यख्याता नगरीय निकाय के पद पर कार्यरत हैं। एसीबी ने जाँच के बाद मुख्यालय रायपुर को भेजे गए पत्र में पुष्टि की कि 22 वर्ष की सेवा के दौरान आय से अधिक की संपत्ति जुटाई गई है।
बैंक खातों में हुआ करोड़ों का लेनदेन
एसीबी को संजय शर्मा व उसकी पत्नी के नाम पर है जांजगीर में कई स्थानों पर जमीन व प्लाट की जानकारी मिली है। वहीं बिलासपुर जिले के अशोकनगर में एक मकान के होने की भी जानकारी मिली है। इस तरह एसीबी को कुल 17 स्थानों पर शर्मा दंपत्ति के नाम वपर अचल संपत्ति मिली है। एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा व पंजाब नेशनल बैंक में इनके खाते मिले जिसमें करोड़ो रूपये के लेनदेन की भी पुष्टि हुई है। संपत्ति खरीदने में शर्मा ने 2 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये हैं। अभी विस्तृत जांच में और अधिक संपत्ति मिलने की संभावना में एफआईआर दर्ज किया गया है।
इन जगहों पर है अचल संपत्ति एसीबी को कई जगहों पर संजय शर्मा की अचल सम्पत्तियों की जानकारी मिली है। जिनमें जांजगीर के कलेक्टर बंगला के सामने आर डी भार्गव के बगल में मकान, जांजगीर के पुराने बस स्टैंड के पीछे मकान, अशोक नगर बिलासपुर में मकान, काली मंदिर के पास चंदनिया पारा में निर्माणाधीन मकान, निर्माणाधीन भाजपा कार्यालय के पीछे बीईडी कालेज के पास मकान, श्रीराम आवासीय परिसर बनारी रोड के पास मकान, आर्य एन्क्लेव में 1 मकान, मिशन स्कूल जांजगीर के पास जमीन, पॉलिटेक्निक रोड जांजगीर के पास 9 डिसमिल जमीन, आईबी रेस्ट हाउस के पीछे 10 डिसमिल जमीन, ग्राम पुटपार में 5 एकड़ जमीन, बनारी रोड जांजगीर में 70 डिसमिल जमीन तथा ग्राम हरदी में 4 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है।