Homeछत्तीसगढछत्तीसगढ़ में आज फिर भारी बारिश11 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट,...

छत्तीसगढ़ में आज फिर भारी बारिश11 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट, प्रशासन अलर्ट, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी…

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में बुधवार को भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में यह मौसमी सिस्टम उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मंगलवार को कई इलाकों में हुई बारिश

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बलरामपुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश चांदो में 15 सेंटीमीटर दर्ज की गई। रामचंद्रपुर में 12 सेमी, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेमी तथा बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेमी बारिश हुई।

इसके अलावा चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेमी, बलौदाबाजार, सोनाखान और जनकपुर भरतपुर में 5-5 सेमी तथा कई अन्य स्थानों पर भी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments