छत्तीसगढ़धमतरी

IPL मैच देखने गए फैमली के घर चोरों ने कर दिया लाखों का माल पार

धमतरी। धमतरी शहर के सिहावा रोड स्थित अर्जुन रेजिडेंसी कॉलोनी में लगातार दो दिनों तक हुई चोरी की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई है। बेखौफ चोरों ने पहले एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवर और नगदी पार कर दी, वहीं अगले ही दिन उसी कॉलोनी के एक और बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दोनों मामलों की जांच में पुलिस जुट गई है।

IPL मैच देखने गए परिवार के घर लाखों की चोरी

अर्जुन रेजिडेंसी निवासी आशीष भट्टाचार्य ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे 10 मई की सुबह करीब 8:30 बजे पत्नी और बच्ची के साथ रायपुर IPL मैच देखने गए थे। मैच खत्म होने के बाद वे रात में अपने ससुराल खमतराई में रुक गए।

11 मई की सुबह लगभग 11:30 बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य गेट का कुंदा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों की अलमारियां खुली हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी करीब 2 लाख रुपये नकद सहित सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवर गायब थे।

चोरी हुए सामान में सोने का हार, बालियां, अंगूठियां, चैन, चूड़ियां, चांदी की पायल, बिछिया, करधन, अंगूठियां और चांदी के सिक्के शामिल हैं। कुल चोरी लगभग 4 लाख 12 हजार रुपये की बताई जा रही है।

ग्रिल तोड़कर घर में घुसे चोर

पीड़ित आशीष भट्टाचार्य ने बताया कि घर के पीछे लगी लोहे की ग्रिल तोड़कर चोर अंदर घुसे थे। सीसीटीवी फुटेज में तीन अज्ञात युवक दिखाई दिए हैं, जो एक-दूसरे के कंधे पर चढ़कर ऊंची ग्रिल पार करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने लकड़ी का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया,पुलिस ने अज्ञात तीन आरो पियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5), 305(a) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरे दिन शिक्षिका के सूने मकान में चोरी

चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि अगले ही दिन अर्जुन रेजिडेंसी में एक और सूने मकान को निशाना बनाया गया। यह मकान नगर निगम स्कूल की शिक्षिका संतोषी अग्रवाल का बताया जा रहा है, जो इन दिनों अपने बेटे के पास बेंगलुरु गई हुई हैं।

पड़ोसियों ने घर के अंदर लाइट जलती देख संदेह होने पर उनके रिश्तेदारों को सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि यहां से भी नगदी और जेवर चोरी हुए हैं।

पुलिस जांच में जुटी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि पहली घटना में तीन लोगों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। सूचना मिलते ही साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। वहीं दूसरी चोरी की घटना को भी गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button