प्रदेश में एक लाख से ज्यादा लोगों को लगा कोरोना का टीका, रायगढ़ में लगे सबसे ज्यादा टीके, रायपुर दूसरे नंबर पर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना के बीच टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 1,06,564 लाख से अधिक टीके लगे। इस दौरान रायगढ़ जिले में सबसे ज्यादा 17,644 टीके लगे, जबकि अब तक टॉप रहे रायपुर दूसरे नंबर पर रहा। यहां 15,444 लोगों ने वैक्सीन लगवाए।
प्रदेश में मंगलवार को 3188 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए। यानी एक केंद्र पर 33 को वैक्सीन लगी है। सबसे कम 242 टीके मुंगेली में लगे। सोमवार को करीब 91 हजार लोगों को वैक्सीन लगी थी। छत्तीसगढ़ में एक लाख से अधिक टीके लगाने की स्थिति इसके पहले 13 बार बन चुकी है। प्रदेश में पहली बार 31 मार्च को 1.23 लाख से अधिक टीके लगे। दो और 4 अप्रैल को 3 लाख से अधिक टीके लगे। तीन बार 1, 8 और 9 अप्रैल को 2 लाख से अधिक टीके लग चुके हैं। प्रदेश के 28 जिलों में अब तक 77.58 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है, जिसमें 64.85 लाख को पहला और 12. 51 लाख से अधिक को दूसरा डोज लग चुका है।
रायपुर में अब सिर्फ 300 एक्टिव केस
प्रदेश में कोरोना संक्रमण कम हो रहा है। इससे राजधानी समेत प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या लगातार कम हो रही है। राजधानी में केवल 304 व प्रदेश में 8007 के आसपास एक्टिव केस बचे हैं। रिकवरी रेट भी 98 फीसदी के करीब पहुंच गया है। पिछले 4 दिनों से प्रदेश में 500 से कम मरीज मिल रहे हैं। मौत भी 10 या इससे कम हो रही है। वायरस के माइल्ड होने की वजह से ऐसा हो रहा है।