
दुर्ग। जिले दुर्ग से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, कसारडीह में देर रात लाठी डंडे से पीट-पीट कर युवक की हत्या कर दी गई, मृतक का नाम चेतन साहू बताया जा रहा है, दरअसल कुछ युवकों ने चेतन पर अचानक से हमला किया, जिससे वह पूरी तरह से लहूलुहान हो गया।
मृतक चेतन साहू और युवती के बीच पहले प्रेम संबंध थे। दोनों की माताएं पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। युवती की मां का तबादला सरगुजा हो जाने के बाद वह सरगुजा चली गई, जहां वह लुकेश साहू नाम के युवक के करीब आ गई। इस दौरान चेतन लगातार युवती को फोन कर परेशान कर रहा था।
24 दिसंबर को युवती अपनी मां के साथ दुर्ग लौटी। चेतन को इसकी जानकारी मिली तो उसने युवती से मिलने की जिद की। युवती ने यह बात लुकेश को बताई, जिसने चेतन को मिलने के लिए बुलाने को कहा। युवती ने चेतन को सिविल लाइन इलाके में बुला लिया।
रविवार देर रात करीब 12 बजे चेतन युवती से मिलने पहुंचा। वहां पहले से लुकेश अपने दोस्तों के साथ मौजूद था। चेतन और लुकेश के बीच विवाद शुरू हो गया, जो जल्द ही हिंसक झगड़े में बदल गया। लुकेश और उसके दोस्तों ने चेतन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। चेतन को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार ये पूरा मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात तक पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है, ये पूरा मामला पद्मनाभपुर थाने क्षेत्र का हैं।