
सूरजपुर। खड़गवां चौकी क्षेत्र के जगन्नाथपुर में एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले को कुछ घंटों में सुलझा लिया और सफलता प्राप्त की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी को राम बाई ने 17 फरवरी की रात 8 बजे हुई घटना की जानकारी दी थी। मृतक रामनाथ (पिता स्व. मगनू), उम्र 62 वर्ष, एवं करमु (पिता हीरालाल), उम्र 44 वर्ष, और फूलमती (पत्नी करमु), उम्र 40 वर्ष, के बीच हमेशा विवाद होता था। मृतक रामनाथ शराब के नशे में आरोप लगाता था कि दोनों पति-पत्नी मिलकर उसे उसकी पत्नी से अलग करने की कोशिश करते हैं और गाली-गलौज करते हैं।
इन आरोपों से तंग आकर करमु ने रामनाथ को धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर घायल हो गया। इसके बाद फूलमती ने लात-मुक्का और हाथ से रामनाथ के मुंह, गाल और सीने पर वार करना शुरू कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और रात में उसकी मौत हो गई।
चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने अपराध को स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।