
हॉस्पिटल से डॉक्टर-नर्स मिले नदारद: चार घंटे प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल…
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए पहुंची गर्भवती महिला को घंटों इंतजार के बाद भी न तो डॉक्टर मिले और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी। मजबूर होकर महिला ने अस्पताल परिसर के फर्श पर ही बच्चे को जन्म दे दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला दर्द से तड़पते हुए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन वहां न डॉक्टर मौजूद थे और न ही स्टाफ। मदद के लिए कोई आगे नहीं आया। अंततः प्रसव पीड़ा के बीच उसने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया।
सबसे दर्दनाक दृश्य यह था कि डिलीवरी के बाद महिला ने स्वयं फर्श की सफाई की। अस्पताल प्रशासन की इस घोर लापरवाही के बावजूद गनीमत रही कि जच्चा और बच्चा दोनों फिलहाल स्वस्थ हैं। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि इस तरह की लापरवाही से लोगों की जान भी जा सकती है।