छत्तीसगढ़जशपुर

प्लेन क्रैश की खबर निकली अफवाह, प्रशासन की जांच में नहीं मिला कोई सबूत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से सामने आई कथित प्लेन क्रैश की खबर आखिरकार अफवाह साबित हुई है। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रही इस खबर ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था, लेकिन प्रशासन की जांच में अब तक इस तरह की किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।

दरअसल, सोमवार दोपहर अचानक सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैलने लगी कि जशपुर के आरा पहाड़ इलाके में एक प्राइवेट विमान क्रैश हो गया है। वायरल वीडियो और तस्वीरों में पहाड़ी क्षेत्र से धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था, जिसके बाद लोगों ने इसे विमान दुर्घटना से जोड़कर देखना शुरू कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। रोहित व्यास और डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक टीम ने पूरे इलाके में सघन जांच अभियान चलाया।जांच के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम ने आरा पहाड़ क्षेत्र में ड्रोन के जरिए भी सर्च ऑपरेशन चलाया, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना के सबूत तलाशे जा सकें। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद भी वहां किसी प्लेन क्रैश के कोई निशान या साक्ष्य नहीं मिले।

इतना ही नहीं, प्रशासन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई। एटीसी की ओर से स्पष्ट किया गया कि उक्त क्षेत्र में किसी भी प्राइवेट जेट या हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने या दुर्घटनाग्रस्त होने की कोई सूचना दर्ज नहीं है।दरअसल, सोशल मीडिया पर एक हेलीकॉप्टर के नीचे उड़ने की तस्वीर और पहाड़ी क्षेत्र से उठते धुएं का वीडियो वायरल हो गया था। इसी के आधार पर प्लेन क्रैश की अफवाह फैल गई। प्रशासन ने इन वायरल सामग्रियों की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह वीडियो और तस्वीरें कहां की हैं और किस संदर्भ में वायरल की गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button