छत्तीसगढ़धमतरी

धमतरी में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों ने घेरा, मचा हड़कंप

धमतरी। जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। उदंती-सीतानदी डीएफओ वरुण जैन जब जैतपुरी गांव में अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंचे थे, तभी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया। कार्रवाई के दौरान डीएफओ को निशाना बनाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिहावा पुलिस बल को बुलाना पड़ा।

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के जैतपुरी गांव का है। वन विभाग की टीम यहां अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उन्होंने वन विभाग की टीम को घेर लिया। हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू हो गया।

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में सेटेलाइट इमेजरी और ड्रोन सर्वे के जरिए जैतपुरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वन भूमि पर अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई का खुलासा हुआ था। जांच में करीब एक लाख पेड़ों की कटाई और लगभग 106 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी सामने आई थी। इस मामले में वन विभाग द्वारा 166 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

इसी कार्रवाई के तहत डीएफओ वरुण जैन अपनी टीम के साथ जैतपुरी गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वन विभाग की टीम गांव में कार्रवाई के लिए आगे बढ़ी, वैसे ही कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आरोप है कि इसी दौरान डीएफओ को निशाना बनाया गया और टीम के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति बिगड़ती देख तत्काल सिहावा पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में लगातार अवैध कब्जों और जंगल कटाई की शिकायतें मिल रही थीं। ड्रोन और सेटेलाइट सर्वे के बाद कार्रवाई तेज की गई थी। विभाग का दावा है कि संरक्षित वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण कर खेती और अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिससे वन्यजीवों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।

घटना के बाद प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से ले रहा है। डीएफओ पर हमले की खबर सामने आने के बाद अधिकारियों ने घटना की रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज तथा मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button