कोरबाछत्तीसगढ़

चार दिन बाद कब्र से निकाला गया महिला का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप

कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भलपहरी गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। मृतका का नाम विनीता बताया जा रहा है। घटना के चार दिन बाद प्रशासन ने कब्र खोदकर महिला का शव बाहर निकलवाया। यह कार्रवाई मायके पक्ष की शिकायत और मांग के बाद पुलिस, प्रशासन और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में की गई।

मायके पक्ष ने महिला की हत्या कर शव को जल्दबाजी में दफनाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि विनीता को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और पति समेत ससुराल पक्ष लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता था।

जानकारी के अनुसार महिला की कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि मौत के बाद बिना मायके पक्ष को पूरी जानकारी दिए आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजनों ने पूरे मामले पर संदेह जताते हुए पुलिस और प्रशासन से जांच की मांग की।

परिजनों ने आरोप लगाया कि विनीता की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि अगर मौत स्वाभाविक थी तो इतनी जल्दी अंतिम संस्कार क्यों किया गया। इसी आधार पर मायके पक्ष ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र खुदवाने की प्रक्रिया शुरू कराई। मौके पर पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतका के पति व ससुराल पक्ष से पूछताछ की जा रही है। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।उरगा थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button