
रायपुर। नगरीय निकाय चुनावों में मिली बंपर जीत से प्रसन्न छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि, आज का दिन स्वर्ण अक्षरों से लिखा जाएगा। प्रदेश की जनता ने पीएम मोदी की गारंटी पर एक बार फिर से भरोसा जताया है।
जीत के बाद पत्रकारों चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक सफलता मिली है। प्रदेश की जनता ने बीजेपी पर भरोसा किया है, पीएम मोदी पर और उनकी गारंटी पर विश्वास किया है। जनता ने प्रदेश सरकार के 13 महीने के कार्यों पर विश्वास किया है। मुख्यमंत्री साय ने निकायों में बीजेपी को जनादेश देने के लिए जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि, अटल संकल्प पत्र’ के सभी वादों को शत-प्रतिशत पूरा करेंगे।
कांग्रेस घोषणा पत्र के माध्यम से ठगने का काम करती है, लेकिन बीजेपी जो कहती है वो करती है। वहीं साय ने देवतुल्य भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, कांग्रेस ने पिछले निकाय चुनाव में लोकतंत्र की हत्या की थी। हमने मेयर और अध्यक्ष चुनने का अधिकार फिर से जनता को दिया। वहीं सीएम साय ने राजधानी रायपुर के पूर्व मेयर एजाज ढेबर पर निशाना साधते हुए कहा कि, पहले महापौर बने थे अब पार्षद चुनाव भी नहीं जीत सके। रायगढ़ में चाय बेचने वाले को जीत मिली, यह बीजेपी में ही संभव है। हमारे यहां पार्टी के प्रति निष्ठावान रहने वालों को टिकट मिलती है।
वहीं अपने विधानसभा क्षेत्र के कुनकुरी नगर पंचायत में मिली हार पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कहा कि, जनता का निर्णय शिरोधार्य है। भले ही हार मिली है, लेकिन विकास नहीं रुकेगा। उल्लेखनीय है कि, कुनकुरी नगर पंचायत में भाजपा को मिली हार पर कांग्रेस ने और पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा पर तंज कसा था।