प्रतियोगिता के बहाने छात्रा को होटल ले गया PTI शिक्षक, फिर हवस मिटाने की करने लगा कोशिश, मदद मांगने पर मैनेजर ने दी ऐसी धमकी…

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (PTI) शिक्षक ने खेलकूद प्रतियोगिता के बहाने छात्रा को होटल ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब छात्रा ने मदद की गुहार लगाई, तो होटल के मैनेजर ने सहायता करने के बजाय उसे धमकाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक और होटल मैनेजर, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
खेल के बहाने होटल में बिछाया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र का है। मझिगवां शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक सुखदेव सिंह अपनी छात्रा को खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल कराने के बहाने एक होटल लेकर गया। वहां ले जाकर आरोपी ने छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। डरी-सहमी छात्रा ने जब खुद को बचाने के लिए होटल मैनेजर अशोक वाधवानी से मदद मांगी, तो मैनेजर ने छात्रा की मदद करने के बजाय उल्टा उसे ही डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी
छात्रा की शिकायत के बाद बैकुंठपुर पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी की और मुख्य आरोपी शिक्षक सुखदेव सिंह के साथ-साथ अपराध में साथ देने वाले मैनेजर अशोक वाधवानी को भी दबोच लिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।



