
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। दूसरी महिला से संबंध होने के शक में पत्नी ने अपने पति पर हंसिए से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर रूप से घायल पति को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक चकरभाठा बस्ती निवासी राजेश कौशिक राजमिस्त्री का काम करता है। उसकी पत्नी द्रौपती बाई को लंबे समय से शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार 22 मई की रात भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ। राजेश शराब के नशे में घर पहुंचा था। खाना खाने के बाद वह सो गया, लेकिन देर रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पत्नी ने हंसिया उठाया और पति पर हमला कर दिया।
हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वह खून से लथपथ हालत में चीखते-चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकला। उसकी हालत देखकर घर में मौजूद नाबालिग बेटे ने अपनी बुआ को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
परिजन घायल राजेश और कटे हुए अंग को लेकर तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।वहीं छत्तीसगढ़ पुलिस ने आरोपी पत्नी द्रौपती बाई के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



