क्राइम

फेमस ढाबे पर चल रहा था सेक्स रैकेट, ग्राहकों से डील के बाद लड़कियों को सिर्फ इतने रुपए देता था मैनेजर, पड़ी पुलिस की रेड

मुजफ्फरपुर। जिले में देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। गरहां ओपी क्षेत्र के पटियासा स्थित फोरलेन किनारे एक ढाबे में चल रहे सेक्स रैकेट पर छापेमारी कर पुलिस ने दो युवतियों को मुक्त कराया, जबकि ढाबे के मैनेजर समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बुधवार को बताया कि अहियापुर थाना और गरहां ओपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहनी ढाबा पर छापा मारा। यहां से ढाबा मैनेजर मिथिलेश कुमार और पटियासा निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार किया गया। मामले में ढाबा मालिक उमेश राय को भी नामजद किया गया है। पुलिस के अनुसार ढाबे में युवतियों से देह व्यापार कराया जा रहा था और उनका अश्लील वीडियो भी बनाया जाता था। इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवतियों को बार-बार बुलाया जाता था। एक ग्राहक से 500 से 600 रुपये तक वसूले जाते थे, जिसमें से करीब 50 प्रतिशत रकम मैनेजर अपने पास रखता था।

छापेमारी के दौरान काउंटर से आपत्तिजनक सामग्री और देह व्यापार से जुड़े लेन-देन की डायरी बरामद की गई है। मुक्त कराई गई एक युवती ने पुलिस को बताया कि मैनेजर मिथिलेश ही लड़कियों से संपर्क कर सौदे तय करता था और आने से मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। गिरफ्तार अमित कुमार ने भी पूछताछ में इस बात की पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पटियासा से लेकर अहियापुर थाना क्षेत्र के दरभंगा फोरलेन पर सदातपुर मोड़ से बखरी तक कई स्थानों पर इसी तरह के अवैध धंधे संचालित हो रहे हैं। कुछ आवासीय होटलों में भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली है, जहां जोड़े बनकर आने वालों को घंटे के हिसाब से कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और अन्य संभावित ठिकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button