चलती बस में लगी आग,बस हुई खाक, बाल-बाल बचे यात्री

चलती बस में लगी आग,बस हुई खाक, बाल-बाल बचे यात्री
भैंसा : बलौदाबाजार-रायपुर मुख्य मार्ग एनएच 130 बी पर भैंसा के पास रविवार सुबह करीब 9 बजे एक चलती राजधानी बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही देर में पूरी तरह बस जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राजधानी बस पलारी के संडी गांव से निकलते समय ही हल्का-हल्का धुआं छोड़ रही थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। आगे भैंसा के पास पहुंचते ही बस में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की तत्परता से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, वहीं आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। बस बलौदाबाजार से रायपुर की ओर जा रही थी।
इस घटना ने एक बार फिर रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर चल रही बस सेवाओं की जर्जर हकीकत को उजागर कर दिया है। इस मार्ग पर संचालित अधिकांश बसें पूरी तरह कंडम हालत में हैं, जो सड़क पर चलने लायक ही नहीं हैं। बावजूद इसके, इन्हें परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस प्रमाण पत्र जारी कर धड़ल्ले से चलवाया जा रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि घोर कमीशनस्ट्रेरी के चलते नियमों को ताक पर रखकर जानलेवा बसों को सड़कों पर उतारा जा रहा है। आम जनता की सुरक्षा से किसी को कोई सरोकार नहीं है। जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होता, तब तक जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठा रहता है।



