
बिलासपुर। शहर के सकरी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बुधवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवती ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मामला थाने तक पहुंच गया, जहां देर रात तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के मुताबिक कुदूदंड निवासी सुरेंद्र पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में एक युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और वर्ष 2024 से वे लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इसी दौरान दोनों की एक सात महीने की बेटी भी हुई।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
बताया जा रहा है कि बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। गुस्से में युवती ने युवक पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना लेकर गई।
थाने में घंटों चलता रहा हंगामा
सकरी थाना पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन देर रात तक वहां बहस और हंगामा चलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती ने थाना परिसर में भी युवक के साथ मारपीट की।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौते की प्रक्रिया शुरू कराई। बाद में स्टाम्प पेपर पर लिखित समझौता कराया गया, जिसमें दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया।
समझौते में बेटी का भी जिक्र
समझौते में यह उल्लेख किया गया कि दोनों वर्ष 2024 से साथ रह रहे थे और उनकी सात महीने की बेटी है। दस्तावेज के अनुसार बच्ची अब अपनी मां के पास रहेगी। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने इस समझौते पर सहमति जताई।
वायरल वीडियो की जांच करेगी पुलिस
घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में युवती युवक के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। इस दौरान थाना परिसर में मौजूद लोग बीच-बचाव करते भी दिखाई दे रहे हैं।स्थानीय स्तर पर युवती के शराब सेवन को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस बोली- समझौते के बाद नहीं हुई कार्रवाई
सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि युवक और युवती दोनों थाने पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच बाद में समझौता हो गया, जिसके कारण फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की भी जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।



