छत्तीसगढ़रायपुर

प्रश्न पत्र सुरक्षा में बड़ा बदलाव: माशिमं ने लागू किया वन टाइम लॉक सिस्टम, GPS कंटेनर से पहुंचेगी गोपनीय सामग्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 12वीं हिंदी प्रश्न पत्र लीक होने की घटना के बाद परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। बोर्ड ने आगामी परीक्षाओं के लिए “वन टाइम लॉक सिस्टम” लागू करने का निर्णय लिया है, ताकि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके।

बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, अब प्रश्न पत्रों के पैकेट को विशेष वन टाइम लॉक से सील किया जाएगा, जिसे एक बार खोलने के बाद दोबारा बंद नहीं किया जा सकेगा। इससे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या लीक की संभावना को काफी हद तक रोका जा सकेगा। यह प्रणाली आगामी सभी परीक्षाओं में लागू की जाएगी।

इसके अलावा, गोपनीय सामग्री को अब GPS लॉक युक्त विशेष कंटेनरों में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इससे कंटेनर की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और परिवहन के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी मिल सकेगी।

मंडल ने समन्वय केंद्रों पर भी सख्ती बढ़ाई है। स्ट्रांग रूम को वन टाइम लॉक से सील किया जाएगा और इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। यह वीडियोग्राफी संबंधित पार्टी ऑफिसर को सौंपी जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।

जिला शिक्षा अधिकारियों को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है। वे यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी केंद्रों पर वन टाइम लॉक सही तरीके से लगाया गया है और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 14 मार्च को आयोजित 12वीं हिंदी परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लीक होने का मामला सामने आया था। बताया गया था कि हाथ से लिखा प्रश्न पत्र कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए थे।

इस घटना के बाद मंडल ने सख्त कदम उठाते हुए हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया था। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल को दोबारा आयोजित की जाएगी। इस बार नई सुरक्षा व्यवस्थाओं के तहत परीक्षा आयोजित होगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।माशिमं के इस फैसले को परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button