
आरंग। नेशनल हाईवे-53 पर आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां महासमुंद से रायपुर की ओर जा रही जैन ट्रैवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार लगभग 40 यात्रियों में से कई लोग घायल हुए हैं। दो की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने हुई। बस की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही बस थाने के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे डिवाइडर में लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बीच सड़क पर ही पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा रेफर किया गया। अन्य यात्रियों को पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के तुरंत बाद मौके का फायदा उठाकर बस चालक और कंडक्टर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार स्टाफ की तलाश शुरू कर दी है।




