
मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है। भिलाई के वृंदा नगर कैंप-1 निवासी मुकेश कोसरे ने 13 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल, जो सेक्टर-6 सड़क-12 में रहता था, ने खुद की पहचान बड़े अधिकारियों और एम्स प्रबंधन से होने का दावा किया। आरोपी ने रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।
अलग-अलग किश्तों में लिए 14.50 लाख रुपये
आरोपी ने नौकरी लगवाने और जॉइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर रकम की मांग की। मुकेश उसके झांसे में आ गया और सितंबर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के बीच अपने एसबीआई खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14 लाख 50 हजार रुपये आरोपी को दे दिए।
रकम लेने के बाद आरोपी लगातार जॉइनिंग लेटर देने और पैसे लौटाने के नाम पर टालमटोल करता रहा। बाद में वह अपने निवास से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर वैशाली नगर थाना में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान साइबर सेल भिलाई ने आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी के लखनऊ में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर लखनऊ भेजी गई, जहां घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



