छत्तीसगढ़रायपुर

राशन कार्डधारियों को बड़ी राहत, अब 15 मई तक मिलेगा तीन महीने का एकमुश्त चावल

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राशन कार्डधारियों को बड़ी राहत देते हुए तीन माह के एकमुश्त राशन वितरण की समय सीमा बढ़ा दी है। अब हितग्राही 15 मई 2026 तक अप्रैल, मई और जून महीने का खाद्यान्न एक साथ प्राप्त कर सकेंगे। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

पहले तय समय सीमा में कई हितग्राही राशन नहीं ले पाए थे, जिसे देखते हुए सरकार ने अवधि बढ़ाने का फैसला लिया। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़े राशनकार्डधारी परिवारों को अप्रैल से जून 2026 तक का खाद्यान्न एकमुश्त दिया जा रहा है।

नई समय सीमा के तहत अब पात्र हितग्राही 15 मई तक अपने नजदीकी उचित मूल्य दुकान से चावल और अन्य खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। खाद्य विभाग ने राज्य के सभी जिलों के उचित मूल्य दुकानदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तय समय के भीतर सभी पात्र परिवारों को राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

विभाग ने राशनकार्डधारियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपने नजदीकी राशन दुकान पहुंचकर खाद्यान्न प्राप्त कर लें। सरकार के इस फैसले से खासतौर पर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button